सुपौल। विधानसभा क्षेत्र के जिला मुख्यालय स्थित +2 टीसी हाई स्कूल, चकला निर्मली में सोमवार को विकसित भारत संकल्प संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना तथा देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद स्थापित करना था। इस दौरान युवाओं के बीच शिक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता, नवाचार, सामाजिक समरसता और देश के विकास में युवाओं की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
भाजपा नेताओं का संबोधन
अपने संबोधन में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. विजय शंकर चौधरी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा जागरूक, शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार होगा। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जिला प्रवक्ता रणधीर ठाकुर ने लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज, स्वतंत्र अभिव्यक्ति और संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि विकसित भारत 2047 सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है। आज का भारत बदल रहा है, नई सोच, नई ऊर्जा और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प रखा है, उसे पूरा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी देश के युवाओं के कंधों पर है।
उन्होंने कहा कि हमारे सुपौल जिले में भी अपार संभावनाएं हैं, कोसी की धरती में मेहनत करने की ताकत है, युवाओं में प्रतिभा है और किसानों में परिश्रम है। जरूरत है इन संभावनाओं को अवसरों में बदलने की। आज आवश्यकता है कि बिहार का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने।
हस्ताक्षर अभियान
विकसित भारत संकल्प संवाद के उपरांत युवाओं एवं छात्र-छात्राओं के बीच हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें सभी ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा नेत्री सरिता मिश्रा, रूबी जयसवाल, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री आलोक कुमार, जिला उपाध्यक्ष विशाल कुमार मिश्रा, किशोर कुमार, मनीष कुशवाहा, राजेश कुमार मल्लिक, शिवा चौधरी, राजेश चौधरी, शंकर कुमार शाह, कृष्णदेव शाह, अभिषेक गुप्ता, शिव शंकर यादव, पवनजीत कुमार, अभिमन्यु पासवान, दिलखुश कामत, रोशन कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।


