32 साल का इंतजार होगा खत्म, 3 नवंबर को उदाकिशुनगंज पहुंचेंगे मंत्री श्रवण कुमार, सरदार पटेल की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

वरदान न्यूज उदाकिशुनगंज में ऐतिहासिक पल की तैयारी, राजस्थान से मंगाई गई है लौह पुरुष की प्रतिमा

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। उदाकिशुनगंज के लिए 3 नवंबर का दिन ऐतिहासिक और यादगार होने जा रहा है। अनुमंडल मुख्यालय स्थित पटेल चौक पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के हाथों किया जाएगा।

मंत्री श्रवण कुमार के प्रस्तावित आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। राजस्थान से विशेष रूप से मंगाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों का करीब 32 वर्षों का इंतजार समाप्त होने जा रहा है।

सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण केवल एक प्रतिमा का लोकार्पण नहीं, बल्कि उनके त्याग, साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने का अवसर होगा।

सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। इसी महान योगदान के कारण उन्हें देशभर में लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

उदाकिशुनगंज के पटेल चौक पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को भी उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरणा मिलेगी।

स्थान : पटेल चौक, उदाकिशुनगंज, मधेपुरा।
तिथि : 3 नवंबर 2026।
मुख्य अतिथि : श्रवण कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री,एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री बिहार सरकार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!