
चार माह का PF काटने के बावजूद खाते में जमा नहीं करने का दावा, एक माह का वेतन भी बकाया; कार्यपालक पदाधिकारी से टेंडर रद्द करने की मांग
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)।
नगर परिषद उदाकिशुनगंज में सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे सफाई कर्मियों का आक्रोश शुक्रवार को सामने आया। सफाई कर्मियों ने आउटसोर्सिंग एजेंसी ‘कृष्णा बागवानी विकास मिशन’ पर PF राशि और वेतन भुगतान को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद को भी दी गई है।

सफाई कर्मियों का आरोप है कि वे लंबे समय से नगर परिषद क्षेत्र में सफाई का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। वर्तमान में सफाई कर्मियों का संचालन उक्त आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा है। कर्मियों का कहना है कि उनके वेतन से पिछले चार माह की PF राशि की कटौती की गई, लेकिन अब तक उनके PF खातों में राशि जमा होने की जानकारी नहीं मिली है।
एक माह के वेतन भुगतान का भी आरोप
कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनका एक माह का वेतन बकाया है। वेतन नहीं मिलने से सफाई कर्मियों के परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है। कर्मियों का कहना है कि कम आय में परिवार चलाने वाले मजदूरों के लिए समय पर वेतन नहीं मिलना गंभीर समस्या है।
टेंडर रद्द करने की मांग
सफाई कर्मियों ने आउटसोर्सिंग एजेंसी पर उनके अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कार्यपालक पदाधिकारी से मामले की जांच कराने, PF की कटी राशि को संबंधित खातों में जमा कराने और बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही कर्मियों ने एजेंसी का टेंडर रद्द करने की मांग भी की है।
कर्मियों का कहना है कि यदि उनके आरोपों की जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब मामले में नगर परिषद प्रशासन और संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
चंदन अम्बेडकर पंकज कुमार,सुनील कुमार ,संजय अम्बेडकर ,रमेश मेहतर,बबलू मेहतर ,संतोष कुमार, अम्बेडकर, जय प्रकाश मेहतर,मिथुन मेहतर ,मिथिलेश मेहतर ,नन्दन कुमार ,मनोज कुमार ,दीपक कुमार ,चंदन भारती

