रामपुर रेल गेट के पास दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

किशनगंज। जिले के रामपुर रेल गेट के समीप रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र मालाकार (28) के रूप में हुई है। वह रामपुर स्थित आलू मंडी का निवासी बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब 4 बजे धर्मेंद्र रेलवे ट्रैक के पास मौजूद था, तभी अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

रात में घर में हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार घटना से कुछ घंटे पहले शनिवार रात युवक के घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था। काफी देर तक घर में कहासुनी चली थी। इसके बाद सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आई।

हालांकि युवक किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचा और हादसा आत्महत्या है या दुर्घटना, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके वर्मा और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!