सुपौल। दिनांक 31.10.2026 को नगर भवन सुपौल में पूर्वाह्न 10 बजे से आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026 के सफल संचालन हेतु अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों के बीच कार्यों का आवंटन किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा उक्त कार्यक्रम के पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संचालन हेतु पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके आवंटित कार्यों के अनुरूप ससमय कार्य पूरा करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 के सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जिले के प्रतिभावान छात्र समूह लोकगीत, समूह लोक नृत्य, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर होने वाले युवा उत्सव में भाग लेंगे, जो दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। उसके उपरांत राज्य स्तर से चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
कला एवं संस्कृति विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा उत्सव के माध्यम से जिले के प्रतिभावान कलाकारों को राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी लोक कला एवं लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने का सुअवसर मिलता है। इस वर्ष नुक्कड़-नाटक विधा को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है, जिसका विषय है “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा”।
जिले के सभी नागरिक बंधुओं से आग्रह है कि अधिक से अधिक संख्या में नगर भवन सुपौल में पूर्वाह्न 10 बजे अपनी उपस्थिति दर्ज कर प्रतिभावान कलाकारों का हौसला बढ़ाएं।

