मधेपुरा में NCD के खिलाफ जंग शुरू: DM अभिषेक रंजन ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

02 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान, गांव-गांव जाकर BP-शुगर-कैंसर से बचाव का देगा संदेश

मधेपुरा।

गैर-संचारी रोगों (NCD) के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर, मधेपुरा से जागरूकता रथ रवाना किया गया।

जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रथ को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों के लिए रवाना किया। यह रथ अगले तीन महीने तक गांव-गांव, पंचायत-पंचायत घूम-घूम कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा।

क्या है इस अभियान का मकसद?

यह अभियान 02 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक
चलेगा। इस दौरान लोगों को उच्च रक्तचाप (BP), मधुमेह (शुगर), कैंसर सहित अन्य गैर-संचारी रोगों के लक्षण, खतरे और बचाव के बारे में बताया जाएगा।

जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को –
1.समय पर जांच और इलाज का महत्व,
2. संतुलित और पौष्टिक भोजन,
3. रोजाना व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली,
4. तंबाकू, गुटखा और नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

डीएम ने की अपील

इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि, “गैर-संचारी रोगों को समय पर पहचान और नियमित जांच से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। सभी लोग इस अभियान का लाभ लें, अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें।”

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत शहरी और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सरकारी स्वास्थ्य जांच का लाभ ले सकें।

इस अवसर पर सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी वरीय अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!