बुधामा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम

वरदान न्यूज। पुष्पम कुमार। मधेपुरा।

उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बुधामा-आलमनगर मुख्य पथ पर शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान बुधामा पंचायत के वार्ड संख्या-03 स्थित बसनबारा गांव निवासी विनोद ऋषिदेव के पुत्र मिथुन कुमार (28) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मिथुन शनिवार शाम करीब सात बजे अपने घर से सब्जी खरीदने के लिए स्थानीय हाट जा रहा था। इसी दौरान बुधामा-आलमनगर मुख्य पथ पर किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बुधामा पुलिस कैंप के प्रभारी विक्की रविदास और दरोगा पूर्ण प्रताप सिंह दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया है। कैंप प्रभारी विक्की रविदास ने बताया कि मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासी व भाजपा नेता सुबोध चौधरी ‘गण-गण’ ने बताया कि इस मुख्य पथ पर हमेशा ओवरलोडेड ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य वाहन तेज गति से चलते हैं, जिस कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सघन जांच अभियान चलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!