स्वास्थ्य जांच के उपरांत गर्भवती महिलाओं को दी गई खान-पान की विशेष सलाह

राहुल कुमार/पुरैनी, उदाकिशुनगंज।

प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में करीब 102 गर्भवती महिलाओं की विभिन्न प्रकार की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा एक माह की निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार एवं स्वास्थ्य प्रबंधक संतोष कुमार की देखरेख में आयोजित शिविर का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्युदर में कमी लाना तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना था। इस दौरान गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप, वजन, ब्लड ग्रुप, हिमोग्लोबिन, यूरिन, आरबीएस, शुगर, भ्रूण की हृदय गति, पेट के आकार, एचआईवी, वीडीआरएल सहित अन्य आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं। स्वास्थ्य जांच के उपरांत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन एवं विटामिन की पूर्ति के लिए फल, जूस, दूध, दाल, हरी सब्जियां, गाजर, चुकंदर, मूंगफली, अंडा, मछली एवं मांस आदि का नियमित सेवन करने की बात कही। शिविर में गर्भवती महिलाओं के बीच आईएफए, कैल्शियम, एल्बेंडाजोल, मल्टी विटामिन सहित अन्य आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया। डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि सुरक्षित प्रसव के लिए गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। इस अवसर पर डॉ. अनीशा वर्मा, एएनएम सुमन कुमारी, अनिता कुमारी, रानी कुमारी गुप्ता, निभा कुमारी, पूजा कुमारी, शिवो कुमारी, खुशबू रानी, नंदनी, रोशनी, प्रियंका समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!