विकास आयुक्त, मधेपुरा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित

वरदान न्यूज । मधेपुरा

दिनांक 21.04.2026 को उप विकास आयुक्त, मधेपुरा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को स्वास्थ्य उपकेन्द्र स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत कार्यक्रम की समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने जिला कार्यक्रम समन्वयक, आयुष्मान भारत, मधेपुरा को जिला प्रबंधक, कॉमन सर्विस सेंटर के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक वीएलई को क्षेत्र में सक्रिय करते हुए पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने हेतु विशेष कैम्प आयोजित कराने का निर्देश दिया।
पोषण पुनर्वास केन्द्र की समीक्षा के दौरान सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर लक्षित उपलब्धि प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही आशा एवं एएनएम के माध्यम से सर्वे एवं ड्यू-लिस्ट अद्यतन कर अधिक से अधिक पूर्ण टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने पर बल दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा उपाधीक्षक, सदर अस्पताल एवं अनुमंडलीय अस्पताल, उदाकिशुनगंज सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में सरकार द्वारा अधिसूचित सभी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अस्पताल आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!