
मधेपुरा जिले के उदकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत खाड़ा पंचायत स्थित खाड़ा चौक पर यात्रियों की वर्षों पुरानी समस्या अब जल्द दूर होने वाली है। समाचार माध्यमों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद, जिलाधिकारी मधेपुरा ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, शनिवार को प्रभारी अंचलाधिकारी-सह-बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित के निर्देश पर अंचल अमीन सदानंद कुमार ने खाड़ा चौक पहुँचकर ग्रामीणों की उपस्थिति में जमीन की मापी की और शौचालय निर्माण के लिए स्थल को चिह्नित किया।
स्थानीय मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर ने बताया कि खाड़ा चौक एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहाँ से प्रतिदिन सहरसा, पूर्णिया, खगड़िया, मधेपुरा, भागलपुर और पटना जैसे शहरों के लिए दर्जनों गाड़ियाँ गुजरती हैं। शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुखिया ने स्पष्ट किया कि इस शौचालय निर्माण को वर्ष 2025-2026 की योजना में शामिल किया गया था, लेकिन जमीन की पैमाइश न होने के कारण कार्य लंबित था। अब अंचल अमीन की रिपोर्ट और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने के तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मौके पर उपस्थिति: इस अवसर पर मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर, उपमुखिया कंपनी मुखिया, वार्ड सदस्य रंजित कुमार ठाकुर, राजकिशोर राम, प्रवीण मंडल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

