जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की नहीं है आवश्यकता, अफवाहों से बचें, आवश्यकता अनुसार ही गैस लें

वरदान न्यूज । मधेपुरा

जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा के पदाधिकारी कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए जिला प्रशासन एवं गैस वितरकों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू उपयोग हेतु रसोई गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यकता होने पर ही गैस प्राप्त करें। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मधेपुरा जिले में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं। दिनांक 18 अप्रैल 2026 को 4312 सिलेंडरों की बिक्री हुई, जबकि 19 अप्रैल 2026 को 12,815 सिलेंडर गोदामों में उपलब्ध हैं। इस माह की औसत खपत 4612 सिलेंडर प्रतिदिन है, जिससे स्पष्ट है कि जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसके अतिरिक्त, कमर्शियल गैस के 492 सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु जिला प्रशासन द्वारा एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06476-222220 पर संपर्क कर सकते हैं।
एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति के साथ-साथ वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में शहरी क्षेत्र में लगभग 1650 घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, जो सुरक्षित एवं किफायती है। इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), पाइपलाइन डिवीजन, ईस्टर्न रीजन, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट, वार्ड संख्या-20, घोष पथ, आजाद नगर, मधेपुरा स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सिंहेश्वर प्रखंड के नगर पंचायत क्षेत्रों में भी कई घरों में पीएनजी की नियमित आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीएनजी, एलपीजी की तुलना में सस्ती है, जिससे सीमित आय वाले परिवारों को विशेष लाभ मिल रहा है। इच्छुक उपभोक्ता शीघ्र पंजीकरण कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर एवं सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके। अंत में आम जनता से पुनः अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!