नगर परिषद का सख्त एक्शन, टैक्स व लाइसेंस उल्लंघन पर प्लाई मिल की गतिविधियां ठप, तीन नोटिस के बाद भी अनुपालन नहीं—प्रशासन ने दिखाई सख्ती, अन्य व्यवसायियों को चेतावनी

Oplus_131072

वरदान न्यूज । मधेपुरा

नगर परिषद, मधेपुरा से प्राप्त सूचना के अनुसार आज दिनांक 18.04.2026 को नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-01 अंतर्गत मधेपुरा-सिंहेश्वर पथ के पश्चिमी भाग में अवस्थित प्लाई मिल (माँ काली भेन्चर्स इण्डस्ट्रीज, पथराहा) के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई। उक्त प्रतिष्ठान द्वारा होल्डिंग/प्रोपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं किया गया था तथा आवश्यक व्यापार अनुज्ञप्ति भी प्राप्त नहीं की गई थी, जो नगर निकाय के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। नगर परिषद द्वारा पूर्व में इस प्रतिष्ठान के संचालक/व्यवस्थापक को होल्डिंग टैक्स भुगतान एवं व्यापार अनुज्ञप्ति प्राप्त करने हेतु तीन बार नोटिस निर्गत किया गया था। इसके बावजूद किसी प्रकार की अनुपालन नहीं होने के कारण प्रशासन द्वारा आज सख्त कदम उठाया गया। कार्रवाई के तहत उक्त प्लाई मिल को सील करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई, किन्तु परिसर चारों ओर से खुला रहने के कारण प्रतिष्ठान के सभी व्यावसायिक गतिविधियों को पूर्ण रूप से बंद करा दिया गया, ताकि नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। नगर परिषद, मधेपुरा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि नगर क्षेत्र में संचालित सभी व्यवसायियों के लिए होल्डिंग/प्रोपर्टी टैक्स का नियमित भुगतान एवं वैध व्यापार अनुज्ञप्ति अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के विरुद्ध इसी प्रकार की कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें तथा समय पर कर एवं लाइसेंस से संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि अनावश्यक प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!