उदाकिशुनगंज के सभी विद्यालयों ने अक्टूबर-2026 की MIP ससमय पूरी कर जिले में पाया प्रथम स्थान
वरदान न्यूज/मधेपुरा।

प्रखंड संसाधन केंद्र उदाकिशुनगंज के प्रांगण में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग प्रोग्राम के तहत माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट-4.6 पर आधारित एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने की। इस अवसर पर बीईओ सागर कुमार चौधरी ने पीबीएल से जुड़े सभी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्यों को समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए हार्दिक बधाई दी। अपने संबोधन में बीईओ ने विशेष जोर देते हुए कहा, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के दौरान पीबीएल कार्यक्रम की चर्चा अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही, बच्चों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी भी लगाई जाए, ताकि अभिभावकों के बीच पीबीएल कार्यक्रम का सकारात्मक और बेहतर संदेश पहुंच सके। प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि विज्ञान और गणित जैसे कठिन विषयों को रोचक एवं व्यावहारिक ढंग से सिखाने में पीबीएल अत्यंत सार्थक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों से इसे अपनी दैनिक शिक्षण शैली में प्राथमिकता से शामिल करने का आह्वान किया।गौरतलब है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के मार्गदर्शन तथा जिला तकनीकी टीम के सदस्यों—संजय क्रांति, प्रेमलता एवं शैलेश कुमार चौरसिया के कुशल नेतृत्व में उदाकिशुनगंज प्रखंड के सभी विद्यालयों ने अक्टूबर-2026 की एमआईपी को ससमय पूरा कर पूरे जिले में अपना सर्वोच्च स्थान बरकरार रखा है।उल्लेखनीय है कि जिले में पीबीएल की नींव तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अभिषेक कुमार एवं तत्कालीन डीईओ व वर्तमान आर डीडीयू मो. सईद अंसारी द्वारा रखी गई थी, जिसकी उत्कृष्ट परंपरा आज भी निरंतर जारी है। इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्य मंजर आलम, बंदना कुमारी, वर्षा कुमारी सहित विभिन्न विद्यालयों के कई शिक्षक व शिक्षिकाएं प्रमुखता से उपस्थित रहे।
