मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर नेशनल DAV में विज्ञान प्रतिस्पर्धा, बच्चों ने पेश किए अनोखे मॉडल

वरदान न्यूज

चंद्रयान-3 से लेकर स्मार्ट सिटी तक के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र, 120 बच्चों ने 20 समूहों में दिखाई प्रतिभा

वरदान न्यूज, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)।

अनुमंडल मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान नेशनल डीएवी पब्लिक स्कूल, उदाकिशुनगंज में शुक्रवार को मिसाइल मैन सह पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर भव्य विज्ञान प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री अमृता प्रीतम एवं डायरेक्टर श्री सजनदेव कुमार ने डॉ. कलाम के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उसके बाद सभी शिक्षकों एवं प्रतिभागी बच्चों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

120 बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा

इस विज्ञान प्रतिस्पर्धा में कक्षा प्रथम से दशम तक के कुल 120 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिन्हें 20 समूहों में बांटा गया था। बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और वैज्ञानिक सोच से आधुनिकता पर आधारित अद्भुत मॉडल प्रस्तुत किए।

प्रतिस्पर्धा में चंद्रयान थर्ड, पनबिजली, संचार, अंतरग्रहीय यात्रा, पेरिस्कोप, मल्टी रिफ्लेक्शन एवं स्मार्ट सिटी डिजाइन जैसे विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए गए, जो सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

विजेताओं को शील्ड, सभी प्रतिभागियों को मेडल

विद्यालय के प्राचार्य एवं डायरेक्टर ने सभी प्रतिभागियों के मॉडल का बारीकी से अवलोकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया, वहीं प्रतिस्पर्धा में शामिल सभी बच्चों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मौके पर शिक्षक निर्भय ठाकुर, महाकांत झा, शारदानंद पाठक, शहवाज आलम, राहुल सिंह, गुलशन कौशिक, जितेन्द्र, कोमल, पूनम, काव्या, अमित, इंद्रजीत, नितीश, याशमीन, सुल्ताना, नाहिदा खातून, राधिका कुमारी सहित सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!