
17 अप्रैल से स्व-गणना सुविधा उपलब्ध, नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील

वरदान न्यूज । मधेपुरा
आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित न्यू एनआईसी हॉल में भारत की जनगणना 2027 के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। यह ब्रीफिंग जिला भू-अर्जन पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी श्री अमन कुमार सुमन, जिला जनगणना कोषांग, मधेपुरा द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अनन्त कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री शंकर शरण सहित जनगणना निदेशालय, पटना से आए पर्यवेक्षक भी उपस्थित थे। ब्रीफिंग के दौरान बताया गया कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण, अर्थात् मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य मधेपुरा जिले में 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिले में कुल 19 चार्ज तथा 3841 मकान सूचीकरण ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इस कार्य हेतु पर्याप्त संख्या में गणनाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर आवश्यक सूचनाएं एकत्र करेंगे। इससे पूर्व, 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक सभी नागरिकों को स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत परिवार के सदस्य स्वयं https://se.census.gov.in पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना एक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने घर या किसी भी स्थान से जनगणना संबंधी विवरण भर सकते हैं। पंजीकरण हेतु परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी, जिसके बाद OTP के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। जानकारी सफलतापूर्वक सबमिट करने पर एक यूनिक SE ID प्राप्त होगा, जिसे गणनाकर्मी के आगमन के समय प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई परिवार स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो निर्धारित अवधि में गणनाकर्मी उनके घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय एवं सुरक्षित रखी जाएगी।
