

वरदान न्यूज । मधेपुरा
आज दिनांक 13 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में स्वास्थ्य विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आमजनों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी श्री रंजन ने टीकाकरण अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और तेज करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर टीकाकरण का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार प्रदान करने, अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें, जिससे जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
