

वरदान न्यूज । पूर्णियां
पूर्णिया जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से गार्डासिल (HPV) टीकाकरण अभियान का संचालन भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत जिले के सभी 14 प्रखंडों में टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। आज सोमवार को अभियान में कुल 556 लक्षित किशोरियों के विरुद्ध 313 किशोरियों का टीकाकरण किया गया।जिससे 56.3 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त हुई। प्रखंडवार प्रदर्शन की बात करें तो बरहरा,भवानीपुर, बैसी, रूपौली एवं कृत्यानंद नगर प्रखंडों ने लक्ष्य के विरुद्ध बेहतर प्रदर्शन करते हुए 80 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की गई। इनमें बरहरा (129.2%) और भवानीपुर (108.9%) ने विशेष रूप से उत्कृष्ट कार्य किया। हालांकि, कुछ प्रखंडों जैसे धमदाहा, अमौर, डगरुआ एवं श्रीनगर में अपेक्षाकृत कम प्रगति दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन क्षेत्रों में विशेष रणनीति अपनाकर अभियान को तेज करने के निर्देश दिया गया हैं। यह अभियान कुल 90 दिनों की अवधि के लिए संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले में 36,703 किशोरियों का टीकाकरण लक्ष्य निर्धारित है।
इस लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 776 किशोरियों का टीकाकरण किया गया है, जो 2.1 प्रतिशत उपलब्धि को दर्शाता है। इस अवधि में 171 सत्र नियोजित किए गए थे, जिनमें से 128 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि “गार्डासिल (HPV) टीकाकरण अभियान किशोरियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी अभिभावकों से अपील है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक प्रखंड में नियमित रूप से सत्र आयोजित किए जा रहे हैं और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु सतत प्रयास जारी है। जिला प्रशासन ने भी आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव हो सके।
