

वरदान न्यूज । मधेपुरा
आज दिनांक 13 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भातु टोला, साहुगढ़ में Family Tree Association के तत्वावधान में “बचपन संग हरियाली” अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, और इसके प्रति जागरूकता बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से पौधारोपण किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधेपुरा, अनुमंडल पदाधिकारी, मधेपुरा, जिला योजना पदाधिकारी, मधेपुरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मधेपुरा सहित विद्यालय परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
