
होम डिलीवरी सुदृढ़, पीएनजी विकल्प से उपभोक्ताओं को किफायती एवं सुरक्षित सुविधा
वरदान न्यूज । मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई जिसमें बताया गया कि जिला प्रशासन एवं गैस वितरकों द्वारा स्पष्ट किया गया है कि एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहें पूर्णतः निराधार हैं। जिले में घरेलू उपयोग हेतु रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यकता होने पर ही गैस प्राप्त करें। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे होम डिलीवरी के माध्यम से यथाशीघ्र उपभोक्ताओं तक एलपीजी सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें। मधेपुरा जिले में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं। दिनांक 10 अप्रैल 2026 को 3,991 सिलेंडरों की बिक्री हुई, जबकि 11 अप्रैल 2026 को 15,073 सिलेंडर गोदामों में उपलब्ध हैं। इस माह की औसत दैनिक खपत 4,708 सिलेंडर है तथा गैस एजेंसी के माध्यम से 9,126 सिलेंडरों की अतिरिक्त मांग आज की गई है। वर्तमान में 233 कमर्शियल गैस सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06476-222220 पर संपर्क कर सकते हैं। एलपीजी आपूर्ति में संभावित कठिनाइयों के समाधान हेतु वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मधेपुरा एवं सिंहेश्वर शहरी क्षेत्र के लगभग 1,500 घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह न केवल सुरक्षित है, बल्कि एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती भी है। इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), पाइपलाइन डिवीजन, ईस्टर्न रीजन, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट, वार्ड संख्या-20, घोष पथ, आजाद नगर, मधेपुरा स्थित कार्यालय से संपर्क कर शीघ्र पंजीकरण करा सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर और सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके। अंत में आमजन से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करें।
