जिला स्तर पर पोषण पखवाड़ा 09 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 के सफल आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक सह वर्चुअल उद्घाटन समारोह का किया गया आयोजन

वरदान न्यूज । पूर्णियां

जिला स्तर पर पोषण पखवाड़ा 09 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 के सफल आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक सह वर्चुअल उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), पूर्णिया द्वारा की गई। इस बैठक में सभी परियोजना पदाधिकारी, पूर्णिया के साथ-साथ विभिन्न सहयोगी संस्थाएं क्रमशः यूनिसेफ, पीरामल C-FAR, PSI, करुणा सेक्शन क्लिनिक, विक्रमशिला, एजुकेशन रिसोर्स सोसाइटी, फीया फाउंडेशन, रिलायंस फाउंडेशन सहित एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) – बचपन बचाओ आंदोलन के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भागीदारी रही। सभी प्रतिभागियों ने पोषण पखवाड़ा के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए समन्वित रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। पोषण पखवाड़ा 2026 का मुख्य उद्देश्य जीवन के प्रथम छह वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क के समुचित एवं सर्वोच्च विकास को सुनिश्चित करना है। इस दिशा में संतुलित पोषण, समुचित देखभाल, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन (Early Childhood Stimulation) को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि पखवाड़ा अवधि में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें घर-घर संपर्क, पोषण जागरूकता रैली, गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए विशेष परामर्श सत्र, आंगनबाड़ी केंद्रों पर थीम आधारित गतिविधियाँ एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, विभिन्न विभागों एवं विकास सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया। जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!