जनगणना-2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफल बनाने हेतु फील्ड प्रशिक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

आज दिनांक 23 मार्च 2026 को भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित फील्ड प्रशिक्षकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम समाहरणालय मधेपुरा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री शिवनारायण राउत, निदेशक डीआरडीए श्री अमित कुमार पांडेय, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी (DIO) श्री चंदन कुमार तथा जनगणना निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षण समन्वयक सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए अपर समाहर्ता श्री अरुण कुमार सिंह ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूर्ण निष्ठा, लगन एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं समर्पण के साथ करें, ताकि आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि फील्ड प्रशिक्षक, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जनगणना कार्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी भूमिका इस प्रक्रिया को सफल बनाने में अत्यंत अहम है। उन्होंने सभी को तकनीकी रूप से दक्ष एवं सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस बार जनगणना कार्य जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली आधारित पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे कार्य की पारदर्शिता, सटीकता एवं गोपनीयता सुनिश्चित की जा सकेगी। मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षण समन्वयक, डीआईओ श्री चंदन कुमार तथा निदेशक डीआरडीए श्री अमित कुमार पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी फील्ड प्रशिक्षकों को कार्य की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं एवं आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!