
पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित, जिला प्रशासन की अपील—घबराएं नहीं, जरूरत अनुसार ही करें बुकिंग

आज दिनांक 23 मार्च 2026 को समाहरणालय स्थित न्यू एनआईसी सभागार में मधेपुरा जिले में एलपीजी गैस की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के निराकरण एवं आम उपभोक्ताओं को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के उद्देश्य से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। यह प्रेस वार्ता जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री शंकर शरण एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अनन्त कुमार के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई। प्रेस वार्ता के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि मधेपुरा जिले में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं, जबकि शेष अन्य श्रेणी के उपभोक्ता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। औसत दैनिक खपत लगभग 5,080 सिलेंडर है, जबकि वर्तमान स्टॉक में 13,635 सिलेंडर उपलब्ध हैं। दिनांक 22 मार्च 2026 को कुल 6,171 गैस सिलेंडरों की बिक्री की गई, जो यह दर्शाता है कि मांग के अनुरूप पर्याप्त आपूर्ति बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। इससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और उपभोक्ताओं को उनके घर तक समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इसके साथ ही यह भी बताया गया कि जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भी कोई कमी नहीं है और उनकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने पुनः आश्वस्त किया है कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में एवं सुचारु रूप से संचालित है।
