
एसडीपीओ ने शांति समिति की बैठक की, सौहार्द पूर्ण वातावरण में की पर्व मनाने की अपील, इंटरनेट मीडिया पर रहेगी प्रशासन की नजर

वरदान न्यूज उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)
उदाकिशुनगंज आदर्श थाना में रविवार को एसडीपीओ अविनाश कुमार की अध्यक्षता में ईद और रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में दोनों त्योहार को शांति और सौहार्द पूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। साथ ही एसडीपीओ ने दोनों त्योहार में हुड़दंग करने पर कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय के लिए पर्व और त्योहार खुशियां लेकर आता है। सभी त्योहारों का मान बराबर है। इसलिए त्योहारों को संजीदगी के साथ मनाया जाना चाहिए। आगे ईद और रामनवमी का त्योहार है। दोनों त्योहार को लेकर मुक्कमल प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई है। जगह जगह दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील जगहों को चिन्हित किया गया है। दोनों त्योहार को लेकर डीजे के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। रामनवमी जूलूस को लेकर किसी को भी हुड़दंग मचाने की छूट नहीं मिलेगी। जुलूस तय रूट के अनुसार ही निकाला जाएगा। जुलूस शांति पूर्ण तरीके से निकालने की अपील की गई।
ईद के त्योहार में ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद
जलसा कार्यक्रम पर भी प्रशासन की नजर रहेगी।
प्रशासन ने सभी रामनवमी, चैती मेला एवं ईदगाह को चिन्हित कर दंडाधिकारी व पुलिस बलों की तैनाती की है ।
शांति भंग करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान किसी भी जगह से गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को फोन कर सूचित करें। इंटरनेट मीडिया पर किसी भी प्रकार का अफवाह फ़ैलाने या भड़काऊ वीडियो शेयर करने पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आईटी सेल सक्रिय हैं। इंटरनेट मीडिया पर प्रशासन की नजर है। इसके साथ ही एसडीपीओ ने कहा कि लोग अफवाह पर ध्यान नहीं देंगे। यदि किसी तरह की आपत्तिजनक बातें सामने आता हो तो प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगी। बैठक में थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने कहा कि रामनवमी और ईद पर्व दोनों समुदायों को मिलकर शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। ताकि आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण बना रहा। मौके पर पूर्व प्रमुख विकास चंद्र यादव, व्यवपार संघ के अध्यक्ष विक्रम साहा, ,पूर्व मुखिया अब्दुल अहद, संजीव कुमार झा, वार्ड पार्षद अजय मंडल, वार्ड पार्षद मु. शुऐब उद्दीन, संतोष मंडल, बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार राणा, जदयू नेता देवनारायण राम, सरपंच संघ के अध्यक्ष मनोज सिंह, भाजपा नेता सुबोध चौधरी उर्फ गनगन चौधरी, सांसद प्रतिनिधि बबलू यादव, कमलेश्वरी मेहता, कमरूल होदा आदि मौजूद थे।
