कंचन का चयन सीनियर बिहार महिलाफुटबाल टीम में होने से क्षेत्र में हर्ष

बेगूसराय जिले के हाजीपुर पिपरा देवस गांव की बेटी कंचन कुमारी ने फुटबाल में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। हाल ही में हुए ट्रायल में उनका चयन सीनियर बिहार महिला फुटबाल टीम के लिए हुआ। किसान पिता चमरू सिंह और गृहिणी मां की तीसरी बेटी कंचन हैं। चार बहनों और एक भाई वाले इस परिवार की कंचन प्रतिदिन आठ किलोमीटर दूर यमुना भगत स्टेडियम में अभ्यास के लिए जाती थीं। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
बिहार महिला फुटबाल टीम का चयन ट्रायल हाल ही में आयोजित हुआ था, इसमें पूरे प्रदेश से 106 खिलाड़ी शामिल हुई थीं। इनमें से 40 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया। यह शिविर 24 अगस्त से चार सितंबर तक राजगीर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में चला। प्रशिक्षण के दौरान प्रदर्शन के आधार पर 20 खिलाड़ियों का चयन बिहार टीम के लिए किया गया, इनमें कंचन भी शामिल हैं।
बिहार महिला फुटबाल टीम छह सितंबर को अमृतसर रवाना होगी। वहां राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबले खेले जाएंगे। कंचन के चयन की जानकारी संयोजक संजीव कुमार मुन्ना ने दी। इस उपलब्धि पर बेगूसराय जिला फुटबाल संघ के महासचिव मनोज कुमार शर्मा, चिरंजीवी ठाकुर, रौशन कुमार, अमन कुमार, राकेश कुमार (गोलू) एवं ज्योति कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!