मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के राजेन्द्रनगर में 21 एकड़ के भू-खण्ड पर निर्माण कराये जा रहे डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और साइंस सिटी के परिसर तथा विभिन्न भागों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. ए.पी. जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार के विश्व के बेहतरीन केन्दों में से एक और अपने आप में विशिष्ट होगा। इस साइंस सिटी के निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों की राय ली गयी है। साइंस सिटी का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और विज्ञान के सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी तथा विज्ञान में उनकी रूचि बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर यहां बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।


