केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद उन्होंने कहा कि भारत भक्ति और संस्कृति की भूमि है, जिसे विश्वगुरु कहा जाता था। आज कुछ लोग हमारी आस्था में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। एक्स पर उन्होंने लिखा, लीजिए भाई, हमने भी कुंभ में स्नान कर लिया। अब यदि किसी को पेट में दर्द हो रहा होगा, तो हम उनका कुछ नहीं कर सकते। वैसे लालू प्रसाद यादव जी एवं ममता दीदी को कुछ ज्यादा ही समस्या होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने बुधवार को महाकुंभ में डुबकी लगाई। स्नान के बाद उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर लोक कल्याण की कामना की व देश की सुख शांति, समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उनके साथ पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों ने भी संगम में डुबकी लगाई। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने कहा कि महाकुंभ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की महिमा और सनातन परंपरा की अखंडता का जीवंत प्रमाण है।