सुपौल: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, सुलहनीय मामलों के निष्पादन पर जोर

सुपौल। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), सुपौल राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सचिव अमित गौरव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधिक माप विज्ञान विभाग (बाट एवं माप), वन विभाग, श्रम विभाग (बाल श्रम), महिला हेल्पलाइन, खनन विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए विभागवार लंबित एवं सुलहनीय मामलों की पहचान करने, संबंधित पक्षकारों को नोटिस एवं सूचना उपलब्ध कराने तथा मामलों के निष्पादन हेतु आवश्यक पूर्व तैयारी करने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी विभागों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों को चिह्नित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करने की दिशा में ठोस पहल की जाए, ताकि अधिकतम मामलों का निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य को प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!