सुपौल: बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर दो विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

सुपौल। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल श्री राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में शुक्रवार को बाल विवाह, बाल एवं जबरन विवाह उन्मूलन हेतु अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल द्वारा SSEVS एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से बाबूजन बालिका उच्च विद्यालय, सुपौल में तथा जीविका के सहयोग से दर्पण जीविका महिला विद्यालय, किशनपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके कानूनी निषेध, बच्चों के अधिकारों एवं बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, NALSA की Child Friendly Legal Services for Children and their Protection Scheme, 2024 के उद्देश्यों एवं बच्चों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों के संबंध में भी जागरूक किया गया।

बच्चों एवं आमजन की सहायता हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से संबंधित पोस्टर एवं जानकारी विद्यालयों के सूचना पट्टों पर भी प्रदर्शित की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे इन सहायता माध्यमों का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण, बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा का संरक्षण तथा डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति समाज में जागरूकता और सतर्कता विकसित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!