सुपौल बृहस्पतिवार को

संविधान दिवस पर सुपौल न्यायमंडल में उत्साहपूर्ण आयोजन

प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगिता एवं कैंडल मार्च के माध्यम से दिया गया संवैधानिक चेतना का संदेश

सुपौल। भारतीय संविधान के गौरव, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता को समर्पित संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल द्वारा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, DLSA, सुपौल श्री राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत सिविल कोर्ट परिसर, सुपौल में माननीय PDJ महोदय के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इसमें सभी न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों, अधिवक्ताओं एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLVs) ने भाग लेकर संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। माननीय PDJ के निर्देशानुसार बिरपुर एवं निर्मली अनुमंडलीय न्यायालयों में भी न्यायिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया।

विद्यार्थियों ने लिया संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प

DLSA सचिव श्री अमित गौरव के पर्यवेक्षण में सेंट जेवियर्स स्कूल, सुपौल के समन्वय से विद्यार्थियों के बीच “OUR CONSTITUTION – OUR PRIDE” (हमारा संविधान – हमारा गौरव) विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया। बच्चों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से लोकतंत्र, समानता, राष्ट्रीय एकता एवं संवैधानिक आदर्शों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी में संवैधानिक चेतना एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना था।

कैंडल मार्च से दिया एकता एवं न्याय का संदेश

संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से DLSA कार्यालय, सिविल कोर्ट, सुपौल से गांधी मैदान, सुपौल तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस प्रतीकात्मक मार्च के माध्यम से न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित किया गया।

माननीय PDJ का प्रेरक संदेश

इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, DLSA, सुपौल श्री राजेश कुमार बच्चन ने कहा कि “भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का आधार है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन एवं आचरण में आत्मसात करना आवश्यक है। विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों को समझकर एक जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए।”

DLSA सचिव श्री अमित गौरव ने कहा कि संविधान की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का निरंतर प्रयास है कि विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से न्याय और समानता का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

इन आयोजनों के माध्यम से सुपौल न्यायमंडल ने यह संदेश दिया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे अधिकारों की ढाल, कर्तव्यों का मार्गदर्शक और एक सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!