अनुसूचित जनजातियों के आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को लेकर कार्यशाला आयोजितडीएम अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में हुआ मंथन, जनजातीय समुदायों की समस्याओं और जरूरतों को समझकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

वरदान न्यूज | मधेपुरा

मधेपुरा। अनुसूचित जनजाति समुदायों के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तीकरण एवं सामाजिक उत्थान को लेकर बुधवार को कला भवन, मधेपुरा में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में जनजातीय समुदायों से जुड़ी आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं आजीविका संबंधी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बिहार अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के दिशा-निर्देश तथा Support to Tribal Institutions (TRI) Scheme के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदायों की वास्तविक आवश्यकताओं एवं समस्याओं का आकलन कर उनके विकास के लिए प्रभावी सुझाव प्राप्त करना था।


कार्यशाला में जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने उपस्थित अनुसूचित जनजाति समुदाय के सदस्यों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी समुदाय के लोगों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करने को कहा। इस दौरान समुदाय के लोगों से उनकी आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक स्थिति के साथ-साथ शिक्षा और आजीविका के क्षेत्र में आ रही कठिनाइयों की जानकारी ली गई।
मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सहायक निदेशक आईसीडीएस, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका तथा उद्योग विस्तार पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों, समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया गया। साथ ही विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनसे महत्वपूर्ण सुझाव एवं प्रस्ताव भी प्राप्त किए गए।
कार्यशाला का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि जनजातीय समुदाय की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में सार्थक पहल करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!