आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित; MACT, बीमा एवं पारिवारिक विवादों के मामलों के निष्पादन पर हुई चर्चा
आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के क्रम में, माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल, राजेश कुमार बच्चन के मार्गदर्शन में राहुल उपाध्याय, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, सुपौल की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) से संबंधित मामलों, बीमा वादों एवं पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की समीक्षा तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में ऐसे मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने की संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सुपौल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नागेन्द्र कुमार सिंह के साथ अधिवक्ता श्री शीलभद्र सिंह, पीयूष परिजात, श्रीमती शक्ति सारिका एवं श्री राजेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों, सुलह-समझौते योग्य मामलों की पहचान, पक्षकारों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने हेतु प्रेरित करने तथा न्यायिक पदाधिकारियों एवं बार एसोसिएशन के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित अधिवक्ताओं एवं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने लोक अदालत को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करना तथा आमजन को त्वरित, सुलभ एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराना है।

