
अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश
वरदान न्यूज | कोसी क्षेत्र
कोसी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कोसी क्षेत्र के तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ समीक्षा बैठक कर पुलिसिंग व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा गंभीर आपराधिक मामलों के निष्पादन पर विशेष चर्चा की गई। डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। सभी कांडों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी डीआईजी ने विशेष सख्ती दिखाई। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-बिक्री एवं अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया।
डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा आम लोगों को भी इस मुहिम से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नशामुक्त समाज का निर्माण पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
समीक्षा बैठक में तीनों जिलों के एसपी को अपने-अपने क्षेत्र में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने, पुलिस गश्ती तेज करने और आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष की इस सख्ती को कोसी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
