सुपौल। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) सुपौल, श्री राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में व्यवहार न्यायालय, सुपौल के कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालय परिसर में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकारों, POSH अधिनियम के प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा आंतरिक समिति (Internal Committee) की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था, ताकि कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिला न्यायालय कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति रही। इसमें प्रियंका जायसवाल, कोमल बर्णवाल, प्रिया, निधि एवं अन्य महिला कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की विभिन्न परिस्थितियों, महिलाओं के अधिकारों, शिकायत की प्रक्रिया तथा आंतरिक समिति की भूमिका को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया गया कि यौन उत्पीड़न के विरुद्ध चुप्पी के बजाय जागरूकता एवं साहस के साथ आवाज उठाना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेश कुमार बच्चन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित करना प्रत्येक संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी है। POSH अधिनियम केवल कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि महिलाओं को भयमुक्त एवं सम्मानजनक वातावरण में कार्य करने का अधिकार देने वाला महत्वपूर्ण कानून है। उन्होंने महिला कर्मचारियों से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय या संकोच के आंतरिक समिति के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
प्रधान न्यायाधीश श्री राहुल उपाध्याय ने कहा कि सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना केवल संस्थागत दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य भी है। सभी को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा पारस्परिक सम्मान एवं संवेदनशीलता की भावना विकसित करनी चाहिए।
डीएलएसए सचिव श्री अमित गौरव ने POSH अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, आंतरिक समिति की भूमिका तथा महिलाओं को उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अधिकारों के प्रभावी संरक्षण का प्रथम कदम है।
कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती नंदिता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिला एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण श्री राकेश कुमार, श्री कौशल किशोर, श्री अभिषेक रंजन एवं श्री तेज प्रताप सिंह; अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री मो. अफजल आलम; प्रधान दंडाधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड श्री शोभित सौरव; अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती निधि जायसवाल; न्यायिक दंडाधिकारीगण श्री श्वेताभ सांडिल्य, श्रीमती राखी कुमारी एवं श्री प्रकाश आनंद; मुंसिफ श्री सुदीप पांडेय; आंतरिक समिति के सदस्यगण, न्यायालय के लिपिकीय एवं अन्य कर्मचारी तथा पारा विधिक स्वयंसेवक (PLVs) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, समानता, सुरक्षा एवं पारस्परिक सम्मान सुनिश्चित करने तथा यौन उत्पीड़न के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की भावना अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


