सुपौल।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल द्वारा संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
अभियान के दौरान प्राप्त जागरूकता से प्रेरित होकर एक नाबालिग बालिका ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर अपने साथ घटित कथित घटना एवं अपनी परिस्थिति की जानकारी दी। बताया जाता है कि बालिका अपने पिता के पिछले कई वर्षों से लापता होने के कारण अपनी माता के साथ दूर के रिश्तेदारों के यहां रह रही थी।
सूचना प्राप्त होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस संबंध में संबंधित थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है तथा मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी प्राप्त होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल द्वारा बालिका को आवश्यक विधिक एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराई गई है। प्राधिकार की ओर से उसे निःशुल्क विधिक सहायता (Free Legal Aid) प्रदान की गई है। साथ ही, बालिका के संरक्षण, सुरक्षा, पुनर्वास एवं अन्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह घटना इस बात का प्रमाण है कि बच्चों एवं आम नागरिकों में जागरूकता पैदा करना बाल शोषण एवं बाल अपराधों की रोकथाम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए जागरूक एवं सक्षम बनाना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल आमजन, विशेषकर बच्चों एवं अभिभावकों से अपील करता है कि बाल शोषण, बाल उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार के संकट की स्थिति में चुप न रहें तथा तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस की सहायता लें। पीड़ित बच्चों को विधिक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार सदैव तत्पर है।
संदेश : बच्चों की सुरक्षा, हम सबकी जिम्मेदारी।
आइए, हर बच्चे का बचपन सुरक्षित बनाएं।

