छठ पूजा की खरीदारी कर घर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत

सुपौल। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के जागुर में रविवार को छठ महापर्व की तैयारियों के बीच सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जागुर वार्ड संख्या-11 निवासी रघुनंदन यादव के पुत्र वीरेंद्र यादव (48) के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि वीरेंद्र यादव रविवार को त्रिवेणीगंज बाजार से छठ पूजा की सामग्री खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की सिटी रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सिटी रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोग घायल वीरेंद्र को आनन-फानन में त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस फरार सिटी रिक्शा चालक की तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छठ पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से जागुर गांव में शोक का माहौल है। जिस परिवार में पर्व की खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां हादसे के बाद मातम पसर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!