नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू, भक्तिमय हुआ माहौल

पुरैनी मधेपुरा। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व के शुभारंभ के साथ ही प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। छठ व्रतियों ने अहले सुबह स्नान कर पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया। भगवान सूर्य की आराधना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अनुष्ठान की शुरुआत की। छठ महापर्व को लेकर घरों से लेकर घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती पूजन सामग्री की खरीदारी और व्यवस्था में जुटे हैं। वहीं, बाजारों में फल, सूप, दउरा सहित अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी विभिन्न जगहों पर मुस्तैद नजर आ रहा है। चार दिवसीय अनुष्ठान के आज यानी दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगे। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!