सांसद दिनेश चंद्र यादव और विधायक निरंजन कुमार मेहता ने किया अनावरण, ऐतिहासिक समारोह में उमड़ा जनसैलाब

वरदान न्यूज | उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)
उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित पटेल चौक मंगलवार को एक ऐतिहासिक और यादगार पल का साक्षी बना। करीब 32 वर्षों का लंबा इंतजार आखिरकार समाप्त हुआ और भारत रत्न, देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। मधेपुरा के सांसद दिनेश चंद्र यादव एवं बिहारीगंज के विधायक निरंजन कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण कर क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। प्रतिमा अनावरण के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों और उत्साह के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया।
हालांकि, कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन अंतिम समय में उनका आगमन रद्द हो गया। आयोजन समिति के अनुसार, दिल्ली में फ्लाइट छूट जाने के कारण मंत्री कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
सरदार पटेल का योगदान देश की एकता और अखंडता की अमूल्य विरासत : सांसद
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि उदाकिशुनगंज में लौह पुरुष की प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। सांसद ने अपने संबोधन में पटना-पूर्णिया प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना तथा कोसी क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विषयों का भी उल्लेख किया।
नई पीढ़ी को राष्ट्रीय एकता का संदेश देती रहेगी प्रतिमा : विधायक
विधायक निरंजन कुमार मेहता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने अपने अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता से एक मजबूत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उदाकिशुनगंज में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को जानने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
छात्राओं ने प्रस्तुत किया स्वागत गीत, गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम की शुरुआत नेशनल डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। पटेल सेवा समिति के अध्यक्ष प्रदीप मंडल ने समारोह की अध्यक्षता की। मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष गुड्डी देवी, सांसद प्रतिनिधि बिजेंद्र नारायण यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीएम पंकज कुमार घोष, एसडीपीओ पवन कुमार सिंह, बीडीओ गुलजारी पंडित एवं थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार पुलिस बल के साथ विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
32 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पटेल चौक पर स्थापित लौह पुरुष की प्रतिमा अब उदाकिशुनगंज की पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगी। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देशसेवा का संदेश देती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!