सुपौल। पटना उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित 14वीं सीमित सेवा प्रतियोगिता परीक्षा (14th Limited Service Competitive Examination) में सुपौल के रोहित कुमार ने शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे राज्य में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से सुपौल जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है।
रोहित कुमार अब जिला न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत होंगे। वे सुपौल के गांधी मैदान निवासी बैद्यनाथ प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। रोहित कुमार इससे पूर्व बिहार के हाजीपुर स्थित महनार अनुमंडल में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर कार्यरत थे।
उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सुपौल जिले का मान बढ़ा है। उनकी उपलब्धि को न्यायिक सेवा के क्षेत्र में समर्पण, परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है। जिले के लोगों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

