राष्ट्रीय एकता दिवस पर पिपरा थाना में पुलिसकर्मियों सहित अन्य ने ली एकता की शपथ

सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को किया याद, देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का लिया संकल्प

सुपौल पिपरा सुनील कुमार की रिपोर्ट राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से शनिवार को पिपरा थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर लाइव टेलीकास्ट प्रसारण किया गया। इस दौरान थाना परिसर में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों सहित स्थानीय लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। साथ ही राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। शपथ ग्रहण के दौरान पुलिसकर्मियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया गया है। सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की अनेक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्रीय एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका योगदान देश की एकता और अखंडता के इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस तक सीमित रहने वाला संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेषकर सुरक्षा बलों की निरंतर जिम्मेदारी है। देश की शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!