
वरदान न्यूज मधेपुरा। बिहार शिक्षा विभाग में सीके अनिल को अपर मुख्य सचिव बनाए जाने पर जिले के शिक्षकों एवं शिक्षक संगठनों में खुशी की लहर है। उनके पदस्थापन पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ, मधेपुरा के जिला कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार चौरसिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि सीके अनिल जैसे ईमानदार एवं कार्यकुशल पदाधिकारी के शिक्षा विभाग में आने से शिक्षकों को काफी उम्मीदें जगी हैं। उन्हें आशा है कि अब शिक्षकों की लंबित समस्याओं, प्रोन्नति, वेतन भुगतान एवं अन्य विभागीय कार्यों का त्वरित निष्पादन होगा। शिक्षकों को अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में लंबे समय से ऐसे पदाधिकारी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से समझकर उनका समाधान कर सकें।
उन्होंने मधेपुरा के जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के पदस्थापन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह जिले में उनके आने से शिक्षा व्यवस्था को लेकर शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है, उसी तरह राज्य स्तर पर सीके अनिल के पदस्थापन से भी शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।
वहीं, अनुमंडल पार्षद माध्यमिक शिक्षक संघ की अमृता कुमारी ने भी इस पदस्थापन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था की अपेक्षा है। उन्होंने वर्तमान अपर मुख्य सचिव के प्रति सकारात्मक उम्मीद जताई।
शिक्षक नेता संजय क्रांति एवं वंदना कुमारी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शिक्षकों को उम्मीद है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होगा तथा शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए शिक्षकों की समस्याओं का समय पर समाधान होना भी बेहद जरूरी है।
अंत में शिक्षकों ने कहा कि “शिक्षा रूपी शेरनी का जो दूध पिएगा, वह हर वक्त दहाड़ता रहेगा।” शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण के लिए शिक्षकों का सम्मान, अधिकार और समस्याओं का समाधान आवश्यक है। सीके अनिल के पदस्थापन से बिहार के शिक्षकों में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ है।
