सुपौल में छात्र जदयू संगठन को मिलेगा नया नेतृत्व, अभिषेक कुमार कुशवाहा बने जिलाध्यक्ष

छात्र हितों को प्राथमिकता देने और संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

सुपौलI जनता दल (यूनाइटेड) छात्र प्रकोष्ठ, बिहार प्रदेश द्वारा जारी नवमनोनीत विश्वविद्यालय एवं जिला/नगर अध्यक्षों की सूची में सुपौल जिले से अभिषेक कुमार कुशवाहा को छात्र जदयू का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

इस मनोनयन पर अभिषेक कुमार कुशवाहा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, छात्र प्रभारी रुहेल रंजन एवं छात्र प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से अधिक एक बड़ी जिम्मेदारी है l वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ छात्र-छात्राओं के अधिकारों एवं हितों के लिए कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि कॉलेजों में नियमित कक्षाएं, नामांकन, छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले के कॉलेजों एवं प्रखंड स्तर पर संगठन का विस्तार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्र जदयू से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने छात्र साथियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!