छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

सुपौल। जिला पदाधिकारी श्री सावन कुमार की अध्यक्षता में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी नगर निकायों एवं प्रखंडों में स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले के सभी 06 नगर निकायों के अंतर्गत आने वाले छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके तहत घाटों पर जमा गाद एवं कचरे की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर एवं चूने का छिड़काव, पहुंच पथ की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, खतरनाक स्थलों पर बैरिकेडिंग तथा महिला व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसी प्रकार जिले के सभी प्रखंडों में जहां-जहां छठ घाट अवस्थित हैं, वहां भी साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी एवं महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र के सभी छठ घाटों का स्वयं भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण करें तथा घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। उन्होंने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी संवेदनशील एवं खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां ससमय पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त श्री इंद्रवीर कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री विकास कुमार कर्ण, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सुपौल एवं त्रिवेणीगंज, नगर पंचायत सिमराही, पिपरा एवं निर्मली के कार्यपालक पदाधिकारी सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!