
vardan news/madhepura
उदाकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खाड़ा के वार्ड संख्या 02 में प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 61 के भवन निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने के कारण मजदूरों के भुगतान और निर्माण सामग्री देने वाले वेंडरों के बकाए को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। इस संबंध में पंचायत के मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर ने जिलाधिकारी मधेपुरा को आवेदन सौंपकर हस्तक्षेप करने की मांग की है।मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर के अनुसार, अंचलाधिकारी (उदाकिशुनगंज) द्वारा अनपत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने के उपरांत और कार्यक्रम पदाधिकारी उदाकिशुनगंज के आदेशानुसार उक्त स्थल पर आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण का कार्य मजदूरों द्वारा शुरू कराया गया था।नींव स्तर तक काम पूरा होने तक किसी भी पक्ष को कोई आपत्ति नहीं थी। हालांकि, नींव का काम पूरा होते ही प्रभारी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, उदाकिशुनगंज द्वारा चल रहे भवन निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया।अचानक काम रोके जाने से पंचायत प्रतिनिधि और निर्माण कार्य में लगे मजदूर असमंजस में हैं। मुखिया ने आवेदन में चिंता व्यक्त की है कि ऐसी परिस्थिति में काम कर चुके मजदूरों की मजदूरी का भुगतान तथा निर्माण सामग्री की आपूर्ति करने वाले वेंडरों का भुगतान किस प्रकार संभव हो पाएगा। मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए उचित दिशा-निर्देश जारी करें और अपने स्तर से निर्माण कार्य पुनः शुरू कराने का आदेश देने की कृपा करें, ताकि सार्वजनिक हित का यह कार्य पूरा हो सके और मजदूरों का बकाया भुगतान हो सके। आवेदन पत्र के साथ अंचलाधिकारी द्वारा जारी NOC प्रमाण पत्र, अंचल अमीन द्वारा की गई भूमि पैमाइश रिपोर्ट तथा कार्य स्थल पर कराए गए निर्माण कार्य के साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।
