डीआईजी के नशामुक्त कोसी अभियान को सफलता, सप्ताहभर में 98 गिरफ्तार

चीफ ब्यूरो सुपौल। राजीव रंजन की रिपोर्ट डीआईजी डॉ. कुमार आशीष के नेतृत्व में कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे नशामुक्त कोसी अभियान को लगातार सफलता मिल रही है।

अभियान के तहत 17 से 23 अक्टूबर के बीच पुलिस ने 538.386 लीटर अवैध शराब, 348.75 किलोग्राम गांजा, 622.80 ग्राम स्मैक और 180 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया है।

इस दौरान अवैध शराब के मामले में 84 और सूखा नशा से जुड़े मामलों में 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 11 मोटरसाइकिल, तीन तीनपहिया और एक चारपहिया वाहन के अलावा एक देशी कट्टा, पांच मोबाइल, एक गैस सिलेंडर, 101 गैस चूल्हे और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

डीआईजी की निगरानी में चल रहे इस अभियान में आम लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आमजन से अधिकाधिक सूचनाएं साझा करने की अपील की है।

फरवरी से अब तक 2532 तस्कर गिरफ्तार
फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक तीनों जिलों में 79,482.968 लीटर अवैध शराब, 4,419.591 लीटर अवैध कफ सिरप, 8,192.776 किलोग्राम गांजा, 8,826.142 ग्राम स्मैक और 13,202 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया है। इसके अलावा नशीली गोलियां, हथियार, कारतूस, वाहन और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। इस अवधि में कुल 2532 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

हेल्पलाइन पर दें सूचना, पहचान रहेगी गोपनीय
डीआईजी ने नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है। संभव होने पर अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्ति का नाम-पता, कारोबार का स्थान, फोटो या वीडियो भी साझा किया जा सकता है। महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को उचित रूप से पुरस्कृत करने की भी व्यवस्था है। डीआईजी ने कहा कि कोसी क्षेत्र की पुलिस नशामुक्ति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी देकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!