बिहार के सीवान जिले के आलमापुर गांव में पटाखा बनाते समय एक फैक्टरी में भीषण धमाका हुआ। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
शुरुआत में मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में अभी तक आठ लोगों की मौत की सूचना है। वहीं, कुछ घंटे बाद सीवान एसपी भरत सोनी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास अभी-भी विस्फोट हो रहे हैं। लगातार धमाकों के कारण राहत व बचाव दलों को अंदर जाने में मुश्किल हो रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके की घेराबंदी की जा रही है। पुलिस के जवान भीड़ को मौके से हटा रहे हैं। देर रात लापरवाही को लेकर एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष और चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुक कर ब्लास्ट होने से एक मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस घटना में कई लोगों के शरीर के टुकड़े जहां-तहां बिखरे मिले हैं। धमाके रुकने के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इस बीच क्षत-विक्षत शवों को देख लोगों की रूह कांप उठी। एक परिवार के मां, पिता और बेटी की मौत की बात सामने आ रही है।
