सुपौल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी ने अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में कार्यक्रम मनाया।
कार्यक्रम जिला अध्यक्ष अनुपम जी के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। कांग्रेसजनों ने उनके सत्य, अहिंसा और भाईचारे के विचारों को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता जयप्रकाश चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य और अहिंसा की सबसे बड़ी मिसाल है। उन्होंने बिना हिंसा के बड़े परिवर्तन करके दिखाया।
वरिष्ठ नेता नरेश मिश्र ने कहा कि गांधी जयंती उनके विचारों को जीवन में उतारने का अवसर है। आज के समय में उनका अहिंसा और सद्भाव का संदेश और भी जरूरी है।
प्रखंड प्रभारी शाहिद खान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि गांव-गांव तक गांधी जी के विचार पहुंचाएं और संविधान व भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करें।
अमित कुमार झा ने कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन को आम जनता से जोड़ा और सत्याग्रह को हथियार बनाया।
मौके पर ललित कामत, चुनचुन सिंह, तनवीर आलम, अभय तिवारी, शिवनंदन यादव, सुरेंद्र पांडे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

