
मुख्यमंत्री तक शिक्षकों की मांग पहुंचाने का मिला आश्वासन, शिक्षक नेताओं ने कहा– सरकार अपने वादे को अविलंब करे पूरा
वरदान न्यूज | मधेपुरा।
बिहार के विशिष्ट शिक्षक, नियोजित शिक्षक एवं अध्यापक शिक्षकों को सातवां वेतनमान का लाभ दिलाने की मांग को लेकर शिक्षक संगठनों ने अपनी आवाज तेज कर दी है। इसी कड़ी में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव सहित बिहार विधान परिषद के सदस्य एवं कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर शिक्षकों की लंबित मांगों को सदन और सरकार के समक्ष उठाने का अनुरोध किया।
इस दौरान जिला प्राथमिक शिक्षक संघ, मधेपुरा के जिला कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार चौरसिया, संजय क्रांति, अनुमंडल पार्षद माध्यमिक शिक्षक संघ की अमृता कुमारी एवं वंदना कुमारी सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधियों ने बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव से मुलाकात कर विशिष्ट शिक्षक, नियोजित शिक्षक एवं अध्यापक शिक्षकों को सातवां वेतनमान देने की मांग रखी।
शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुनने के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि शिक्षकों की मांग जायज है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से अनुरोध कर शिक्षकों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा जाएगा।
वहीं, शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार विधान परिषद सदस्य संजीव कुमार सिंह से भी मुलाकात कर सातवां वेतनमान लागू कराने का आग्रह किया। इस पर संजीव कुमार सिंह ने कहा कि वे शिक्षकों की मांगों को लगातार सदन से लेकर सरकार तक उठाते रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक शिक्षकों को सातवां वेतनमान का लाभ नहीं मिल जाता, तब तक वे इस मुद्दे को उठाते रहेंगे और शिक्षकों को उनका हक दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
इसके अलावा शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक विनोदानंद झा (बेनीपट्टी), पन्नालाल सिंह पटेल, कलाधर मंडल, रत्नेश सदा, शीला मंडल, लैशी सिंह, विजय कुमार सिन्हा सहित विधान परिषद सदस्य संजय मयूख, वंशीधर ब्रजवासी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर शिक्षकों की मांगों से अवगत कराया।
इस अभियान में शैलेश कुमार चौरसिया, अमृता कुमारी, वंदना कुमारी, मंजर आलम, सुनील कुमार चौरसिया, संजय क्रांति, प्रेमलता, प्रणय प्रशांत, अविनाश कुमार, गुंजन भारती, कुमार किशोर केसरी, दिलीप पासवान, मोनिका कुमारी, कंचनमाला, कंचन कुमारी, आफताब आलम, स्मृति कुमारी, जवाहर कुमार, बेगम गुलफसा बानो, पंकज कुमार, गुंजन सिंह, रमेश कुमार एवं उमेश यादव सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक स्वर में कहा कि सरकार को अपने किए गए वादे को पूरा करते हुए विशिष्ट शिक्षक, नियोजित शिक्षक एवं अध्यापक शिक्षकों को अविलंब सातवां वेतनमान का लाभ देना चाहिए। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से इस मांग को लेकर आवाज उठाई जा रही है। अब सरकार को इस दिशा में ठोस निर्णय लेकर शिक्षकों को उनका अपेक्षित लाभ देना चाहिए।
शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि सातवां वेतनमान की मांग को लेकर उनका संघर्ष और जनप्रतिनिधियों से संवाद आगे भी जारी रहेगा।
