सुपौल: गांधी जयंती पर सिविल कोर्ट परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, सफाईकर्मी सम्मानित

सुपौल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सिविल कोर्ट परिसर में स्वच्छ भारत अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री राजेश कुमार बच्चन के निर्देश पर किया गया।

प्रधान जिला जज राजेश कुमार बच्चन ने स्वयं नेतृत्व करते हुए श्रमदान किया और न्यायिक पदाधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रामचन्द्र प्रसाद, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अमित गौरव, मुंसिफ सुदीप पाण्डेय, न्यायिक दंडाधिकारी प्रकाश आनंद, अमन कुमार सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

न्यायालय के प्रधान लिपिक दिनेश जायसवाल, नाजिर सर्वेश झा सहित अन्य कर्मियों और सभी सफाईकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई।

सफाईकर्मियों का सम्मान
अभियान के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सफाईकर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। प्रधान जिला जज ने कोर्ट परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देने वाले सभी सफाईकर्मियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला जज ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचार आज भी प्रेरणास्रोत हैं। स्वच्छता हम सभी का सामूहिक दायित्व है। न्यायालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

सचिव अमित गौरव ने कहा कि स्वच्छ न्यायालय परिसर न केवल स्वस्थ वातावरण देता है, बल्कि आम लोगों में भी सकारात्मक संदेश देता है।

अंत में सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!