
बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जदयू विधानमंडल दल की ओर से सहयोग राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी गई। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा, बिहार विधान परिषद के उप सभापति श्री रामवचन राय तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत के नेतृत्व में जदयू विधानमंडल दल के सदस्यों ने अपने एक-एक माह के वेतन का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सहयोग के लिए जदयू विधानमंडल दल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में इस प्रकार का सहयोग जरूरतमंद लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्राप्त राशि का उपयोग राज्य में आपदा से प्रभावित एवं जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किया जाएगा।
