मिशन कायाकल्प: मधेपुरा DM ने की विद्यालयों की आधारभूत संरचना की समीक्षा, 3 दिन में प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश

छोटे-मोटे मरम्मत कार्य विद्यालय कोष से तुरंत पूरा कराने का आदेश, मनरेगा से भी होंगे काम

मिशन कायाकल्प के तहत आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को अपराह्न 3:00 बजे जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन* की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यालयों की आधारभूत संरचना एवं आवश्यक मरम्मती कार्यों की समीक्षा बैठक की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान), BSEIDC के सहायक अभियंता एवं सभी कनीय अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा जिले के सभी राजकीय / राजकीयकृत / प्रोजेक्ट / उत्क्रमित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक / प्रभारी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

छोटे कार्य विद्यालय कोष से तुरंत कराएं – DM

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विद्युत वायरिंग, रंग-रोगन, फर्श की मरम्मती सहित छोटे-मोटे आवश्यक कार्य विद्यालय कोष में उपलब्ध राशि से यथाशीघ्र पूर्ण कराए जाएं।

तीन कार्य दिवस में स्थलीय जांच और प्राक्कलन का निर्देश

जिले के राजकीय / राजकीयकृत / प्रोजेक्ट विद्यालयों में आधारभूत संरचना, चहारदीवारी की मरम्मती एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए BSEIDC के कनीय अभियंताओं को तीन कार्य दिवस के भीतर स्थलीय जांच कर आवश्यकतानुसार प्राक्कलन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इन कार्यों में विद्यालय कोष में उपलब्ध राशि का नियमानुसार उपयोग किया जाएगा।

वहीं, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विकास कोष एवं छात्र कोष में पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में चहारदीवारी एवं अन्य आवश्यक कार्य मनरेगा के माध्यम से कराए जाने हेतु संबंधित अभियंताओं को स्थलीय जांच कर उप विकास आयुक्त, मधेपुरा के निर्देशानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने तथा आवश्यक कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!